स्पीड ब्रेकर के लिए सड़क पर उतरे यूनिवर्सिटी छात्र
- फोटो : shivharsh
गोरखपुर यूनिवर्सिटी के गेट पर स्पीड ब्रेकर न होने से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से नाराज यूनिवर्सिटी के छात्रों ने बुधवार को गेट पर जमकर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। सूचना पर पहुंची कैंट पुलिस ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द स्पीड ब्रेकर बनवानेे का आश्वासन दिया। इस दौरान करीब आधा घंटा आवागमन बाधित रहा।
राष्ट्रीय विद्यार्थी सभा के नेतृत्व में जाम कर रहे छात्रों ने मौके पर पहुंचे कैंट इंस्पेक्टर को बताया कि इस समय यूनिवर्सिटी की वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं, जिसके चलते गेट पर आवागमन बढ़ गया है, लेकिन यहां न तो कोई संकेतक लगाया गया है और न ही जेब्रा क्रासिंग। इसके चलते आए दिन दुर्घटना में कोई न कोई घायल होता रहता है।
इससे पहले कि कोई बड़ा हादसा हो जाए, इससे बचने का पुख्ता इंतजाम होना चाहिए। कैंट इंस्पेक्टर से मिले आश्वासन के बाद छात्र इस शर्त पर लौटे कि यदि एक सप्ताह में स्पीड ब्रेकर नहीं बना तो वे फिर से आंदोलन को बाध्य होंगे। आंदोलन करने वालों में भास्कर चौधरी, अखिल देव त्रिपाठी, शिव शंकर गौड़, अभिषेक हरि सिंह, रणविजय सिंह, शिवेंद्र पांडेय, सत्यपाल सिंह, बाल गोविंद, मृत्युंजय शर्मा, कुंअर, तुषार यादव, दीपक ठाकुर, अजय चौधरी आदि शामिल रहे।