गायब चल रहे डिप्टी रजिस्ट्रार निलंबित
बिना सूचना के विश्वविद्यालय से गायब चल रहे डिप्टी रजिस्ट्रार शिवपूजन को शासन ने निलंबित कर दिया। उनका मोबाइल नंबर भी काफी समय से बंद है और उनका कोई पता नहीं चल पा रहा है। सितंबर 2014 में स्थानांतरित होकर विश्वविद्यालय आकर ज्वाइन करने के अगले दिन से ही वह गायब हैं। आगरा विश्वविद्यालय में हुए बीएड के फर्जी अंकपत्र घोटाले के मामले में एसआईटी उनकी तलाश कर रही है।
प्रमुख सचिव उच्चशिक्षा जितेंद्र कुमार ने उनके निलंबन का आदेश जारी किया था जो सोमवार को विश्वविद्यालय प्रशासन को मिला। मामले की जांच की जिम्मेदारी लखनऊ विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक एवं पूर्व में गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव रहे एसके शुक्ला को दी गई है। जांच पूरी करके तीन महीने में रिपोर्ट देनी है।
दूसरी ओर बहुचर्चित घोटाले का पर्दाफाश करने के लिए एसआईटी शिवपूजन की तलाश कर रही है। बीते दिनों एसआईटी ने शिवपूजन की तलाश के लिए आगरा और गोरखपुर विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर सहयोग मांगा था।