बगहाबीर बाबा मंदिर के पास बृहस्पतिवार की दोपहर मंदिर से लौट रही महिला को रोडवेज की बस ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के ग्रामीणों ने गोरखपुर-वाराणसी हाइवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंची बेलीपार पुलिस ने चालक की गिरफ्तारी की जानकारी देकर 15 मिनट बाद जाम समाप्त कराया।
बेलीपार प्रतिनिधि के अनुसार गोला के रामपुर गड़री निवासी गिरजा देवी (60) पति की मौत के बाद पट्टीदार शिवकुमार दूबे के यहां रहती थीं। उनकी कोई संतान नहीं थी। शिवकुमार बैंकाक में रहते हैं। गिरजा देवी की देखभाल शिवकुमार की पत्नी माया करती थीं। बड़ी मन्नत के बाद माया देवी को संतान हुई थी। बृहस्पतिवार की सुबह परिवार के साथ कथा सुनने वह बगहाबीर बाबा मंदिर आई थीं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोपहर दो बजे घर जाने के लिए गिरजा देवी सड़क पार कर रही थीं। इसी बीच गोरखपुर से कौड़ीराम की तरफ से जा रही रोडवेज की बस ने उन्हें रौंद दिया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने मंदिर के पास हाइवे जाम कर दिया। हादसे के बाद माया देवी का रो - रोकर बुरा हाल था।
ट्रक से भिड़ी जीप, चालक की मौत, पांच घायल
खोराबार के माड़ापार पुल पर बृहस्पतिवार की भोर में गिट्टी लदे ट्रक से जीप के टकरा जाने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीप सवार पांच यात्री घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कुसम्ही, खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार पिपराइच के अराजी चौरी गांव का रहने वाला रवींद्र यादव जीप चलाता था। बृहस्पतिवार की भोर में तीन बजे वह रेलवे स्टेशन से पांच सवारी लेकर कुशीनगर जा रहा था। माड़ापार पुल पर गिट्टी लदे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। ऐसे में पीछे से आ रही जीप अनियंत्रित होकर ट्रक से भिड़ गई। हादसे में रवींद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुशीनगर, पटहेरवा के लवटनिया निवासी महंथ यादव (50), लबनिया के मथुरा यादव (41), कुठवर, सरैया निवासी संजय कुमार, मुजफ्फरपुर, रुदलपुर निवासी हाकिम घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से मथुरा और हाकिम को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक फरार हो गया। सीओ कैंट अभय मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश एसओ को दिया गया है। ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।