गोरखपुर। मध्य प्रदेश के कंबाइंड प्री-मेडिकल टेस्ट में प्रवेश के चर्चित व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले में वांछित गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज के छात्र जाकिर हुसैन से पूछताछ के लिए मप्र एसटीएफ और पुलिस की टीम मंगलवार को जिले में थी।
टीम ने हॉस्टल और क्लास में जाकर छात्र की तलाश की, मगर वह नहीं मिला। टीम ने कॉलेज प्रशासन से छात्र को जल्द हाजिर कर पुलिस के सामने बयान कराने को कहा है।
बता दें कि मध्य प्रदेश पुलिस और एसटीएफ की टीमें कई बार शहर में डेरा डाल चुकी हैं। 2013 बैच के जाकिर हुसैन की तलाश में मप्र पुलिस और एसटीएफ की टीम ने एक बार फिर गोपनीय ढंग से मेडिकल कॉलेज के हास्टल में छापा डाला, मगर उसके कमरे में ताला लगा मिला। टीम के सदस्यों ने क्लास के कुछ छात्रों से उसके बारे में पूछताछ की है। टीम ने प्रधानाचार्य के साथ भी काफी देर तक बात की।
इनसेट
कई छात्रों से चल रही पूछताछ
व्यापमं घोटाले मेें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से अब तक 11 विद्यार्थियों को पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है। इनमें से दो को तो प्राथमिक पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, जबकि नौ से गहन पूछताछ की गई। इन्हीं में से दो छात्रों साबिर और सत्येंद्र को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया था। मध्य प्रदेश पुलिस बीआरडी मेडिकल कॉलेज के 10 साल के छात्रों के रिकॉर्ड भी ले जा चुकी है।