कैथवलिया गांव के प्रधान की रविवार दोपहर उनके पट्टीदारों ने रंजिश में गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि गोली लगने से घायल हुए उनके भाई को हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया। प्रधान के साथ बाइक से आ रहे समर्थक को गोली छूकर निकल गई, उसकी हालत खतरे से बाहर है। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
जगदीशपुर, खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार कैथवलिया के प्रधान अवधेश यादव (45) भाई दुर्जन यादव और समर्थक मोती हरिजन के साथ रविवार सुबह गांव में पंचायत करने गए थे। दोपहर करीब तीन बजे के करीब एक ही बाइक से तीनों लोग घर लौट रहे थे। छोटकी और बड़की कैथवलिया के बीच चार पहिया वाहन लेकर खड़े प्रधान के पट्टीदारों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर कर दी। जान बचाने के लिए अवधेश धान के खेत में पैदल ही भागे, मगर बदमाशों ने पीछाकर उन्हेें गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, गोली लगने से घायल हुए प्रधान के भाई दुर्जन (43) और समर्थक मोती ने भागकर जान बचाई।
गोलियों की आवाज और शोर सुनकर गांव के लोग जुटने लगे तो हमलावर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दुर्जन को घर वाले मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। मोती मामूली रुप से घायल हुए हैं। एसएसपी रामलाल वर्मा ने पीड़ित परिवार से जानकारी लेकर आरोपियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। एसएसपी ने बताया कि पुरानी रंजिश में प्रधान के पट्टीदारों ने वारदात को अंजाम दिया है।