गोरखपुर। चौरीचौरा के ग्राम सभा बाबू विशनपुरा स्थित राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कालेज के छात्र विजय की मौत का रहस्य गहरा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पस्ट नहीं होने पर बिसरा सुरक्षित रख कर पुलिस ने शव को उसके घर सोनभद्र जिले के दुद्धी भिजवा दिया है। विजय के पिता ने गरीबी के कारण आने में असमर्थता जताते हुए शव भेजने का आग्रह किया था।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के अनुसार विजय की मौत के बाद हरकत में आया प्रशासन शनिवार को मुस्तैद दिखा। सुबह उपजिलाधिकारी हरिशचंद्र सिंह ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों के भोजन व्यवस्था और रहन-सहन का जायजा लिया। इस दौरान छात्रों को कंबी और अन्य सामान उपलब्ध कराए गए। सुरक्षा को देखते हुए पीएसी जवान पूरे दिन विद्यालय में मौजूद रहे।
बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ
जिलाधिकारी ओम नारायण सिंह के निर्देश पर सरदार नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. रामेश्वर मिश्रा के नेतृत्व में चौरीचौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सरदार नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की 15 डॉक्टरों की टीम ने शनिवार को राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज पहुंचकर 480 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां दी।
स्कूल में सफाई की गई
सरदार नगर ब्लॉक के एडीओ पंचायत अजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में सौ से अधिक सफ ाई कर्मियों ने शनिवार को विद्यालय पहुंचकर साफ-सफाई की। विद्यालय में चारों तरफ गंदगी फैली हुई थी।
चेयरमैन में एलईडी बल्ब और साबुन दिया
नगर पंचायत मुंडेरा बाजार के चेयरमैन ज्योति प्रकाश गुप्ता ने कॉलेज पहुंचकर बच्चों की पढा़ई के लिए 35 एलईडी बल्ब दिए और बच्चों में डिटर्जेंट पाउडर, साबुन का भी वितरण किया।
छात्रों ने कहा भोजन में हुआ सुधार
छात्र दीपू, शेषमणि पिंटू, सोनू, शिवकुमार, अरुण, अविनाश, श्रीदयाल, अनिल, मुकेश ने बताया कि शनिवार को नाश्ता और खाने में पहले से सुधार हुआ है।
पोस्टमार्टम के बाद छात्र के शव को उसके घर एंबुलेंस से भेज दिया गया है। रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। प्रशासनिक अधिकारी मामले को देख रहे है।
- देवेंद्र नाथ द्विवेदी, एसआई, चौरीचौरा