कुलपति आवास के पास युवकों की पिटाई करते अपहरणकर्ता।
- फोटो : Amar Ujala
कुलपति आवास के पास से गुरुवार सुबह दो युवकों की पिटाई कर उनके अपहरण से सनसनी फैल गई। आईजी मोहित अग्रवाल ने सीओ कैंट को जांच के लिए भेजा तो सामने आया कि रुपये के लेनदेन को लेकर बलिया के युवकों का विवाद हुआ था और मारपीट के बाद वे दोनों युवकों को साथ लेकर चले गए। मौजूद लोगों ने यह भी बताया है कि मारपीट करने वाले दोनों युवकों को घर का ही बता रहे थे और उनकी बातचीत से भी यह लग रहा था कि दोनाें पहले से परिचित हैं। सूत्रों का कहना है कि बलिया में दोनों युवक मिल गए हैं।
गुरुवार को दिन में ग्यारह बजे के करीब आईजी के पास मारपीट कर अपहरण की सूचना आई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ कैंट अभय मिश्रा मौके पर पहुंचे तो प्रत्यक्षदर्शियों ने इस बात की पुष्टि भी की कि तीन-चार की संख्या में आए स्कार्पियों सवार युवक दो लोगों की पिटाई कर उन्हें अपने साथ ले गए। इसके बाद पूरे शहर में जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चल सका। उधर, देर शाम तक कैंट थाने में भी अपहरण की किसी ने शिकायत नहीं की। कैंट इंस्पेक्टर ओम हरि वाजपेयी का कहना है कि जांच में रुपये के लेनदेन का मामला सामने आया है, मगर अभी तक किसी ने शिकायत नहीं की है। जांच की जा रही है।