शहर में शुक्रवार रात एक के बाद एक कर तीन महिलाओें से हुई लूट की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस जल्द ही बदमाशों को पकड़कर सभी घटनाओं का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है। मगर शाहपुर, असुरन चौराहे और एचएन सिंह चौराहे पर हुई लूट ने पुलिसिया व्यवस्था पर सवालों के घेरे में ला दिया है।
पहली घटना शाहपुर क्षेत्र में आवास विकास कॉलोनी के प्रदीप श्रीवास्तव की पत्नी आशा श्रीवास्तव के साथ हुई। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे मोहल्ले में ही दूध लेने गई थी। लौटते समय घर के मोड़ पर बाइक सवार दो बदमाशों ने छपट्टा मार गले की चेन छीन ली। शोर मचाने पर हालांकि राहगीरों की मदद से प्रदीप ने पीछा किया, मगर वे हवाई फायरिंग कर भाग निकले। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को लेकर छानबीन शुरू कर दी है। कहा जा रहा है बदमाशों की हरकत उसमें रिकॉर्ड हो गई है।
दूसरी घटना में जेल रोड गुलाबी बागीचा की रहने वाली शांति देवी से बदमाशों ने 40 रुपये लूट लिए। वह शाम करीब सात बजे बेटे ऋषि के साथ सामान लेने असुरन चौराहे पर टेंपो से जा रही थीं। पुलिस चौकी के पास टेंपो से उतरते ही बाइक सवार बदमाशों ने शांती के हाथ से पर्स छीन लिया, जिसमें 40 हजार रुपये थे।
इसके कुछ देर बाद ही रात 8:15 बजे बाइक सवार बदमाशों ने एचएन सिंह चौराहे पर चतुर्वेदी हॉस्पिटल के पास बशारतपुर की मीना त्रिपाठी (35) की चेन छीन ली। वह सामान लेने स्कूटर से बाजार गई थीं। वारदात के दौरान स्कूटर अनियंत्रित होने से मीना गिर गईं। उन्हें सिर में मामूली चोट लगी। घर वालों ने प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें घर भेज दिया। सीओ कैंट अभय मिश्रा ने बताया मामले की बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।