गोरखपुर। सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पुलिस लाइंस का एक सिपाही भी शामिल है जो बेटी को खिचड़ी पहुंचाने कुशीनगर जा रहा था। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
जगदीशपुर प्रतिनिधि के अनुसार कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के भड़गवा मोती पाकड़ निवासी सिराज अहमद (18) अपने पिता खुर्शीद अहमद (55) को लेकर बाइक से गोरखपुर जा रहा था। यहां पिता को डॉक्टर को दिखाना था और एक जमीन भी देखनी थी।
पुलिस लाइंस में तैनात सिपाही रामजी मिश्र (55) बेटी को खिचड़ी पहुंचाने बाइक से कुशीनगर जा रहे थे। कुसम्ही जंगल में रामजी मिश्रा की बाइक पर रखा बोरा कुशीनगर की तरफ जा रही रोडवेज बस से टकरा गया। रामजी की बाइक अनियंत्रित होकर कुशीनगर की तरफ से आ रहे सिराज की बाइक से टकरा गई। हादसे में सिराज, खुर्शीद और रामजी गंभीर रूप से घायल हो गए
सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने खुर्शीद को मृत घोषित कर दिया।
बेलघाट प्रतिनिधि के अनुसार बहादुरपुर निवासी उमाशंकर प्रजापति (35) मऊ जिल के मधुबन में आलमारी बनाने का काम करता था। मऊ से बुधवार को वह घर के लिए निकला था।
गुरुवार सुबह उसका शव सड़क के किनारे पड़ा हुआ मिला। शव देखकर हादसे में मृत होने की आशंका जताई जा रही है। उमाशंकर की शादी पिछले साल हरपुर बुदहट के भलुआ में हुई थी। उमाशंकर की यह दूसरी शादी थी।
भटहट प्रतिनिधि के अनुसार गुलरिहा के सखनी निवासी श्याम लाल निषाद का बुधवार शाम को निधन हो गया था। गुरुवार सुबह गांव वाले उनका अंतिम संस्कार करने रोहुआ घाट ट्रैक्टर ट्रॉली से जा रहे थे।
अंतिम संस्कार में जंगल डुमरी नंबर दो पोखरिहवां निवासी संजय (30) ट्रैक्टर पर आगे बैठे थे। जंगल सखनी के टज्ञेला मक्खनपुर के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पेड़ से टकरा गया। हादसे में संजय ट्रैक्टर के पहिया के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में नवल की भैंस भी चोटिल हो गई।