गोरखपुर। फरियादी से खराब व्यवहार करने और घटना की सही जानकारी न देने वाले एसओ गुलरिहा को एसएसपी ने शनिवार की रात लाइन हाजिर कर दिया। कामकाज की प्रणाली को लेकर लंबे समय से वह चर्चा में थे। शुक्रवार की दोपहर मंदबुद्धि किशोरी से हुई रेप की घटना को भी उन्होंने छुपाने का प्रयास किया था।
शनिवार की देर रात एसएसपी अनंतदेव ने एसओ जयवर्धन सिंह पर कार्रवाई की। लंबे समय से वह यहां तैनात थे और अपनी कार्यप्रणाली के कारण चर्चा में थे। फरियादियों से गलत व्यवहार और मुकदमे के अल्पीकरण सहित कई बड़े आरोप पहले भी लग चुके थे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। छह महीने पहले पशु तस्करी के आरोप में पकड़े गए कुशीनगर, रामकोला के युवक को 40 दिन तक थाने में बैठाने के बाद आर्म्स एक्ट में चिलुआताल थाने से चालान कराने के बाद वह चर्चा में आए थे।
हाल के दिनों में पुलिस चौकी से चोर के भागने पर तहरीर देने के बाद भी मुकदमा दर्ज न करने की शिकायत एसएसपी अनंत देव को मिली थी। शुक्रवार को मंदबुद्धि किशोरी के साथ हुई घटना में पीड़ित परिवार की बात न सुनने के साथ ही मीडिया को गुमराह करने का प्रयास किया था।
रेप के मामले में दर्ज नहीं हुआ केस
शुक्रवार की दोपहर मंदबुद्धि किशोरी से रेप करने वाले आरोपी को गुलरिहा पुलिस ने शनिवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। किशोरी को घर में बंधक बनाकर उसने रेप किया था। पीड़ित की मां की तहरीर देने के बाद भी रविवार की शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। प्रभारी एसओ बीबी राजभर ने डॉक्टरी परीक्षण में एक सप्ताह का समय लगने की बात कह छेड़छाड़ का केस दर्ज कराने का दबाव बनाया था। उन्होंने बताया कि दूसरी तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।