फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्कूल और रोडवेज बस की टक्कर दो की मौत, 20 घायल

Tue, 05 Jan 2016 08:49 PM IST
गोरखपुर। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
गोला के छितौना मोड़ पर मंगलवार की सुबह स्कूली और रोडवेज बस की टक्कर में स्कूल बस के चालक और एलकेजी में पढ़ने वाली एक बच्ची की मौत हो गई। हादसे में पांच महिला शिक्षकों के साथ ही 14 बच्चे और खलासी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन


स्कूल प्रबंधक के साथ ही रोडवेज बस चालक ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रोडवेज बस चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही दोनों बसों को कब्जे में ले लिया है।

गोला प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में स्थित एलपीएम पब्लिक स्कूल की बस मदरिया चौराहे के आसपास के बच्चों के साथ ही शिक्षकों को लेकर स्कूल आ रही थी। बस में 50 छात्रों के अलावा सात शिक्षिका और खलासी थे। सुबह 8:30 बजे बड़हलगंज-गोला मार्ग के छितौना मोड़ के पास स्कूल बस का ड्राइवर टेंपो को ओवरटेक कर रहा था।
विज्ञापन


इसी बीच गोला की तरफ से आ रही दोहरीघाट डिपो की बस से उसकी भिड़ंत हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण दोनों बस के आगे का पूरा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। स्कूल बस के चालक बड़हलगंज, अहिरौली निवासी रमेश गौड़ (55) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस हादसे में नारायनपुर निवासी अश्वनी शुक्ला की बेटी राधा शुक्ला (5), कक्षा एक में पढ़ने वाला उसका बड़ा भाई राम शुक्ला (7) गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा स्कूल की शिक्षिकाओं में बड़हलगंज परसिया निवासी प्रियंका दूबे (24), शालिनी मिश्रा (20), कुमारी शालिनी (22), अनुभूति मिश्रा (25), रीता पाठक (22), छात्र सत्यम (10), अर्पिता (8), राज (10), श्रेयांश दूबे (10), अंकित यादव (13), राज प्रजापति (5), खलासी शशिकांत शर्मा (45) घायल हो गए।

ग्रामीणों की मदद से पुलिस सभी को लेकर सीएचसी गोला पहुंची। वहां डॉक्टर ने राधा को मृत घोषित कर दिया। उसके बड़े भाई राम के साथ ही डॉक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामूली रूप से घायल सात अन्य बच्चों को उनके परिवार वाले प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराने के बाद घर लेकर चले गए। गंभीर रूप से घायल छात्र राम के साथ ही शिक्षिका रीता पाठक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

एलपीएम पब्लिक स्कूल के प्रबंधक भागीरथी स्वर्णकार व रोडवेज बस के चालक विश्वनाथ पांडे ने केस दर्ज कराया है। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने रोडवेज बस चालक पर गैर इरादतन हत्या, लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने और तोड़फोड़ करने का केस दर्ज किया है। उधर, रोडवेज बस चालक ने स्कूल बस के चालक पर लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने के साथ टक्कर मारने का मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें