मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को महिला के पोस्टमार्टम को लेकर जमकर हंगामा हुआ। जहर खाने से हुई महिला की मौत के बाद घर वाले पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे, जबकि अस्पताल प्रशासन बिना पोस्टमार्टम शव ले जाने से मना कर रहा था। एक बार तो ऐसा भी क्षण आया जब घर वाले पोस्टमार्टम हाउस से शव लेकर भागने लगे। अंतत: कॉलेज प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। उसने शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया।
चिलुआताल इलाके के भगवानपुर निवासी विनोद जायसवाल की 40 वर्षीय पत्नी रीतू जायसवाल ने शुक्रवार को घर में जहर खा लिया था। हालत ज्यादा खराब होने पर परिवार वालों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। कुछ देर बाद जब कर्मचारी शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाने के लिए पहुंचे तो घर वाले नाराज हो गए। वे शव अपने साथ ले जाने की जिद कर रहे थे। उनके विरोध के बाद भी कर्मचारी किसी तरह शव लेकर पीएम हाउस पहुंच गए। घर वाले वहां भी पहुंचकर हंगामा करने लगे। इसी बीच उन्होंने शव गाड़ी में रख लिया और जाने लगे, लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। एसपी सिटी गणेश प्रसाद साहा और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ चारु निगम ने गाड़ी से शव उतरवाकर पीएम हाउस में रखवाया।
मेडिकल कॉलेज के एसआईसी डा. एके श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि महिला के घर वाले बिना पोस्टमार्टम के शव ले जाने की जिद पर अड़े थे। जब मनाने पर नहीं माने तो पुलिस बुलाकर शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया।