गोरखपुर। पीपीगंज में कर्मचारी की हत्या के बाद सर्राफ को गोली मारकर बाइक और गहने लूटने वाले बदमाश को क्राइम ब्रांच ने बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद वह मऊ भाग गया था। लोकेशन मिलने के बाद पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे दबोच लिया।
पीपीगंज, साहबगंज टीचर कॉलोनी में रहने वाले तेज प्रताप वर्मा (30) की कस्बे में ज्वेलरी की दुकान है। दो अप्रैल को आभूराम - तुर्कवलिया गांव के रहने वाले शातिर बदमाश कोइल यादव ने सर्राफ के पास मोबाइल पर फोन किया था।
खुद को मोनू बताते हुए घर में शादी होने की बात कह गहने दिखाने लिए बुलाया था। इसके बाद वह कर्मचारी आफताब (18) के साथ बाइक से गहने दिखाने जा रहे थे। सुबह 10 बजे आभूराम-तुर्कवलिया गांव के पास पुलिया पर साथी के साथ खड़े शातिर कोइल यादव ने उन्हें रोक झोला छीनना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आफताब के साथ ही सर्राफ को गोली मार दी थी।
घटना में आफताब की मौके पर ही मौत हो गई थी। परिवार के लोगों ने सर्राफ को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। गहने लूटने के बाद कोइल सर्राफ की बाइक भी लेकर फरार हो गया था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी।
बुधवार को क्राइम ब्रांच की टीम ने कोइल को मऊ में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने भाई के साथ वारदात अंजाम देने की बात बताई है।
शातिर श्यामबाबू से जुड़ा है
आभूराम - तुर्कवलिया का रहने वाला कोइल यादव महराजगंज जेल में बंद आजमगढ़ के शातिर बदमाश श्यामबाबू पासी से जुड़ा है। कई बार उससे मिलने जेल में भी गया था। उसी के इशारे पर उसने वारदात को अंजाम दिया गया था।