कटघर में सोमवार की रात बकाया वेतन मांगने पर गाड़ी मालिक ने चालक की पिटाई कर बंधक बना लिया। मंगलवार की सुबह गांव के बाहर सड़क पर ड्राइवर की लाश मिली। गले के साथ ही सीने और पैर पर चोट के निशान थे। परिवार के लोगाें ने कबाड़ का काम करने वाले गाड़ी मालिक पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने गोरखपुर-खजनी मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कटघर गांव के रहने वाले मुराली प्रसाद (48) कबाड़ का काम करने वाले गांव के राजू की तीन साल से पिकअप चला रहे थे। मुराली को सात हजार रुपये मिलते थे। उन्होंने अपनी दो बेटियों की शादी के लिए राजू के साथ इकट्ठा रुपये लेने का करार किया था। इस बीच पत्नी फूलमती की तबीयत खराब होने पर मुराली ने सोमवार की शाम राजू से रुपये मांगे। रात आठ बजे फूलमती जब रुपये लेने पहुंची तो राजू ने बाद में आने की बात कह कर लौटा दिया। कूड़ाघाट से कबाड़ लेकर रात नौ बजे जब मुराली आए तो पत्नी को रुपये न देने की बात पर उनका राजू से विवाद हो गया। आरोप है कि पिटाई करने के बाद राजू अपने भाइयों के साथ मुराली को उठा ले गया। मंगलवार की सुबह छह बजे मुराली की लाश राजू से 50 मीटर दूर सड़क किनारे मिली। गले, सीने के साथ ही पैर पर चोट के निशान थे।
जानकारी होने पर पहुंचे परिवार के लोगों ने कबाड़ कारोबारी पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कार्रवाई की मांग लेकर उन्होंने गांव वालों के साथ मिलकर कटघर चौराहे पर शव रख गोरखपुर-खजनी मार्ग जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसओ ने शव कब्जे में लेने के साथ ही आरोपियों को हिरासत में ले लिया। दोपहर बाद ड्राइवर की पत्नी बेटियों और गांव के लोगों को लेकर पुलिस आफिस पहुंची। एसएसपी के न मिलने पर आवास पर जाकर तहरीर दी। एसपी (ग्रामीण) ब्रजेश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने का निर्देश एसओ को दिया गया है। पोस्टमार्ट रिपोर्ट आने के बाद ड्राइवर के मौत का कारण स्पष्ट होगा।
दो बेटियों की करनी थी शादी
पिकअप चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले मुराली के छह बच्चे हैं। तीन बच्चों की वह शादी कर चुके हैं। दो बेटियों के साथ ही छोटे बेटे की शादी अभी नहीं हुई है। वह इस साल चौथे नंबर की बेटी लक्ष्मीना और उससे छोटी मीना की शादी करने की तैयारी में थे।