भरपुरवा गांव में जमीन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सहजनवां क्षेत्र के भरपुरवा निवासी चंद्रिका और बहादुर सगे भाई हैं। बहादुर जम्मू में बीएसएफ में हैं। दोनों के बीच पुश्तैनी जमीन के एक हिस्से को लेकर चार महीने से विवाद चल रहा है। इसी को लेकर शनिवार की शाम दोनों भाइयों में झगड़ा हो गया। इस बीच रविवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे बहादुर ने विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू कराया तो बड़े भाई चंद्रिका ने ऐसा करने से मना किया।
उन्होंने पहले जमीन की पैमाइश कराने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान बहादुर पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी से चंद्रिका पक्ष पर हमला कर दिया। इसमें चंद्रिका के पुत्र सोनू बेल्दार (18) को गंभीर चोट लग गई। घर वाले उसे सीएचसी सहजनवां ले गए जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सोनू हलवाई का काम करता था। उसके बड़े भाई महेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने बहादुर, उसकी पत्नी बिहुला देवी, बेटे अजय व विक्रम, विपिन व रिश्तेदार रामानांद व उनकी पत्नी श्यामदुलारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।