गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बुधवार को परीक्षा देने आई छात्राओं का बैग, मोबाइल चोरी हो गया। इस बारे में जब गार्ड से पूछा गया तो उसने कोई जानकारी होने से इन्कार कर दिया। पीड़ित छात्राएं एमए की अभिलाषा सिंह और सुरभि सिंह जब इसे लेकर यूनिवर्सिटी चौकी पर तहरीर देने पहुंची तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने दोनों को कैंट थाने जाने के लिए कह दिया। इसके बाद छात्राओं ने प्रॉक्टर से शिकायत दर्ज कराई।
दोनों छात्राएं बुधवार को एमए माइक्रो इकनॉमिक्स की परीक्षा देने दीक्षा भवन पहुंची थीं। परीक्षा केंद्र के बाहर गार्ड के पास उन्होंने अपने बैग रख दिए। दोनों परीक्षा देने के बाद जब बैग लेने पहुंची तो वह गायब मिला। दोनों बैग में तीन मोबाइल फ ोन सहित अन्य कागजात भी थे। छात्राओं का कहना है कि दीक्षा भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे केवल नाम के हैं। जब बैग चोरी होने के बाद उन लोगों ने रिकॉर्डिंग देखनी चाही तो पता चला कि कैमरे लंबे समय से खराब चल रहे हैं। कैमरे ठीक होते तो बैग के बारे में पता लगाया जा सकता था।
छात्र नेता निखिल उपाध्याय ने सीसीटीवी कैमरे खराब होने को लेकर नाराजगी जताई। कहा कि चोरी की घटना से दीक्षा भवन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की कलई खुल गई है। यह दर्शाता है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कितना गंभीर है। इस संबंध में प्रॉक्टर प्रो. एससी पांडेय ने कहा कि परीक्षा के दौरान मोबाइल लेकर आना प्रतिबंधित है। कोई भी परीक्षार्थी अपने साथ मोबाइल लेकर न आए। गायब बैग और मोबाइल के संबंध में पुलिस को तहरीर देने के लिए कहा गया है।