खोराबार के रामनगर कड़जहां में बस से कुचलकर बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने ड्राइवर और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार को दोनों को जेल भेजा जाएगा। उधर, अनुबंधित बस जलाए जाने के मामले में बस मालिक ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया है।
झंगहा, गहिरा पांडेय टोला निवासी रमन पांडेय ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। वह मोहद्दीपुर में किराए पर कमरा लेकर पत्नी सुमन, कक्षा चार में पढ़ने वाली बेटी श्रेया (12) और कक्षा तीन में पढ़ने वाले बेटे रौनक (8) के साथ रहते हैं। सोमवार की रात वह पत्नी और बच्चों के साथ गांव गए थे। मंगलवार को बाइक से श्रेया और रौनक को लेकर वह रामनगर कड़जहां में रहने वाले एक परिचित से मिलने जा रहे थे। इसी बीच जीडी गोयनका स्कूल के सामने गोरखपुर की तरफ से आ रही प्राइवेट बस ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी, जिसमें सिर पर बस का पहिया चढ़ने से रौनक की मौके पर ही मौत हो गई थी।
बस लेकर भाग रहे चालक को सीओ चौरीचौरा ने मंगलवार ही पीछा कर पकड़ लिया था। खोराबार पुलिस ने बुधवार को बस के खलासी को भी गिरफ्तार कर लिया। एसओ खोराबार रामआशीष यादव ने बताया कि ड्राइवर और खलासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को लिखा-पढ़ी में देरी होने से उन्हें जेल नहीं भेजा जा सका। बृहस्पतिवार को दोनों को जेल भेज दिया जाएगा।
अनुबंधित बस मालिक ने दर्ज कराया केस
हादसे के बाद गुस्साएं लोगों ने रोडवेज की अनुबंधित बस यूपी 52 एफ 8131, यूपी 60 डी 2857 तथा यूपी 53 सीटी 8186 में यात्रियों को उतारने के बाद आग लगा दी थी। बस मालिक बलिया के देवरार निवासी आदित्य कुमार सिंह ने अज्ञात लोगों के खिलाफ बस जलाए जाने का मुकदमा दर्ज कराया है।