खजनी में मरुधरमंगल गांव के सामने सोमवार की सुबह डीसीएम ने जीप में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में जीप में बैठी शिक्षिका की मौत हो गई। चालक समेत छह लोग घायल हो गए जिसमें एक की हालत गंभीर है। घटना स्थल के पास सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आए युवक की मौत हो गई। शाम को फोरलेन पर सहजनवां की तरफ से आ रही कार ट्रक में घुस गई। हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई। उसके पति और सास की स्थिति गंभीर है।
खजनी प्रतिनिधि के अनुसार रुस्तमपुर के रहने वाले सुशील पाल की पत्नी बिन्नी पाल (40) उरुवां के प्राइवेट विद्यालय में शिक्षक थी। सोमवार की सुबह जीप से वह स्कूल जा रही थी। सुबह नौ बजे मरुधरमंगल गांव के पास डीसीएम ने सामने से जीप में टक्कर मार दी। हादसे में बिन्नी की मौके पर ही मौत हो गई। कैंपियरगंज के रहने वाले राधेश्याम समेत पांच लोग घायल हो गए। राधेश्याम धुरियापार प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक है। हादसे के बाद जुटी भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे एसओ ने सभी को समझाकर शांत कराया। घायलों का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे पहले सुबह सात बजे मरुधरमंगल गांव के पास ही सड़क पर अज्ञात वाहन की चपेट में आए 30 साल के युवक की मौत हो गई। पुलिस शव के शिनाख्त की कोशिश में जुटी है।
खोराबार प्रतिनिधि के अनुसार देवरिया कोतवाली के राघवनगर निवासी सुरेंद्र पांडेय (62), पत्नी निर्मला देवी (60) और मां राधिका (86) के साथ कार में सवार होकर सहजनवां से गाोरख्ापुर की तरफ आ रहे थे। नौसढ़ चौराहे के पास अनियंत्रित होकर कार सड़क के किनारे ख्ाड़े ट्रक में घुस गई। तीनों लोग गंभ्ीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन उनको जिला अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने निर्मला देवी को मृत घोषित कर दिया।