आईजी ने हाईवे की सुरक्षा का प्लान डीजीपी को भेजा है। गोरखपुर, बस्ती और देवीपाटन रेंज के 11 जिलों में हाईवे पर पेट्रोलिंग के लिए 75 गाड़ी के साथ ही 500 सीसीटीवी कैमरा की आवश्यकता बताई गई है। अपराध की दृष्टि से महराजगंज और बस्ती को सबसे संवदेनशील माना गया है।
बुलंदशहर में हाईवे पर गाड़ी को रोककर मां-बेटी के साथ गैंगरेप के बाद लूटपाट की घटना के बाद पूरे प्रदेश में हाईवे की सुरक्षा को लेकर मंथन शुरू हो गया है। आईजी जोन मोहित अग्रवाल ने गोरखपुर, बस्ती, देवीपाटन रेंज के 11 जिलों के पुलिस कप्तान से रोड मैप की जानकारी लेने के बाद पेट्रोलिंग के लिए जरूरी संसाधन की जानकारी डीजीपी को भेजी है। सुरक्षा के लिहाज से महराजगंज, बस्ती को जोन को सबसे संवेदनशील क्षेत्र माना गया है।
इसके अलावा नेपाल बार्डर से सटे कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, बहराइच, श्रावस्ती में विदेशी नागरिकों का आवागमन होने के साथ ही सुनसान एरिया के बीच यात्रा को सुरक्षित करने के लिए संसाधन को जरूरी बताया है। गाड़ियों के साथ वायरलेस सेट, ड्रैगन लाइट, फर्स्ट एड बॉक्स के अलावा दुर्घटना होने पर हाईवे से जाम और गाड़ी को हटाने के लिए 20 रिकवरी वैन भी मांगी है।
पेट्रोलिंग के लिए इतने कारों की है जरूरत
जनपद कार की आवश्यकता
गोरखपुर 06
देवरिया 04
कुशीनगर 04
महराजगंज 09
बस्ती 11
संतकबीरनगर 08
सिद्धार्थनगर 06
गोंडा 08
बलरामपुर 08
बहराइच 04
श्रावस्ती 05
रात के समय अपने क्षेत्र में हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग कराने का निर्देश जोन के सभी पुलिस कप्तान को दिया गया है। व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए डीजीपी को पत्र भेजकर जरूरी संसाधन की मांग की गई है। जिस थानाक्षेत्र में हाईवे है थानेदार रात के समय एक बार जरूर चेक करेंगे।
- मोहित अग्रवाल, आईजी