गुलरिहा क्षेत्र में बुधवार की रात प्रापर्टी डीलर के घर फायरिंग कर बदमाश फरार हो गए। दो दिन पहले उनके मोबाइल पर फोन कर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी गई थी। गुलरिहा पुलिस ने मौके से मिले खोखा को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।
फुलवरिया गांव के बखरैती टोला निवासी योगेंद्र निषाद प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। मंगलवार की रात नौ बजे उनके मोबाइल पर 7880433545 से फोन आया था। कॉल करने वाले ने पांच लाख रुपये रंगदारी मांगते हुए बुधवार शाम छह बजे तक न मिलने पर जान से मारने की धमकी दी थी। बुधवार की शाम 4:30 बजे भी योगेंद्र के पास इसी नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने रुपये न मिलने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। रात आठ बजे योगेंद्र इलाहाबाद जाने के लिए घर से निकले थे।
आरोप है कि रात 10:30 बजे बाइक से पहुंचे बदमाश दरवाजे पर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। कार के पिछले पहिया में गोली लगने से शीशा टूट गया। घरवालों के जानकारी देने पर योगेंद्र ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। गांव के ही एक युवक पर उसने वारदात को अंजाम देने का संदेह जाहिर किया है। गुलरिहा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस लेनदेन के विवाद में घटना होने की बात कह रही है। सीओ गोरखनाथ डीएन शुक्ल ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। जल्द ही मामले को सुलझा लेंगे।