गोरखपुर। संतकबीरनगर से शहर लौट रहे मौसेरे भाइयों की बाइक को कसरवल के पास ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक टेलर खड़ा कर के फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के घरवालों को इसकी जानकारी दी। पुलिस ट्रेलर मालिक का पता लगाने के बाद चालक की तलाश में लग गई है। युवकों की मौत की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।
सहजनवां प्रतिनिधि के अनुसार शाहपुर क्षेत्र के बौलिया कॉलोनी निवासी रेलवे कर्मचारी देवीशरण का एकलौता पुत्र भोले शरण राव (24), अपने मौसेरे भाई शिवपुर सहबाजगंज निवासी आनंद कुमार (30) के साथ बाइक से किसी काम से संतकबीरनगर गए थे। बुधवार दिन में करीब दो बजे वापस लौटते वक्त इनकी बाइक सहजनवां थाना क्षेत्र के ग्राम कसरवल के सामने बस्ती की ओर से आ रही ट्रेलर की चपेट में आ गई। दुर्घटना में बाइक चला रहे भोले शरण की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल आनंद को तत्काल सीएचसी सहजनवां ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पाकर एसओ सहजनवां आरके सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना मृतकों के परिवार को दी। सूचना मिलने के बाद परिजन थाने पर पहुंचे। दो अपनों का एक साथ शव देख उनका रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घरवालों ने बताया कि दोनों किसी काम से सवेरे दस बजे घर से निकले थे। घटना के बाद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि अगर दोनों ने हेलमेट पहना होता तो सिर पर जानलेवा चोट नहीं आती और शायद उनकी जान बच गई होती।
लाल के साथ खो दिया सहारा
मृतक भोले शरण पांच बहनों का इकलौता भाई था। बीटेक करने के बाद वह प्राइवेट नौकरी कर रहा था। भोले शरण की मौत ने घरवालों को तोड़कर रख दिया। भोले शरण की शादी नहीं हुई थी। वहीं आनंद चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह आईटीआई की पढ़ाई पूरी कर एमए कर रहा था। आनंद की शादी पिछले वर्ष हुई थी।
टेलर को कब्जे में ले लिया गया है। वाहन नंबर के आधार पर मालिक का पता लगा लिया गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरके सिंह, एसओ सहजनवां