ढाई सौ रुपये के लिए नगर निगम के ठेकेदार ने मनबढ़ साथियों के साथ बुधवार को कूड़ाघाट में फ्लोर मिल मालिक के घर धावा बोलकर उन्हें जान से मारने की कोशिश की। घर में घुसे मनबढ़ों ने मिल मालिक और उनकी पत्नी की पिटाईकर उनपर फायरिंग भी की, हालांकि निशाना चूकने से दोनों बच गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को मौके से दो खोखे बरामद हुए हैं। मिल मालिक ने आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने मेें तहरीर दी है।
देवरिया, बरहज के मूल निवासी संजय गुप्ता आवास विकास कॉलोनी कूड़ाघाट में घर बनवा कर रहते हैं। कैंपियरगंज में उनकी फ्लोर मिल है। पास में ही रहने वाले नगर निगम के ठेकेदार से उन्होंने घर में वाटर सप्लाई सिस्टम लगवाया था। इसके लिए ठेकेदार को उन्होंने 1500 रुपये दिए थे, मगर वह ढाई सौ रुपये और मांग रहा था, मगर मिल में देरी से पहुंचने के कारण वे उसे रुपये नहीं दे पाए थे। इसके लिए ठेकेदार ने उन्हें कई बार फोन भी किया और मंगलवार की शाम बाजार में दोनों की मुलाकात हो गई। उन्हें देखते ही ठेकेदार ने अपशब्द कहना शुरू कर दिया और हाथापाई शुरू कर दी। मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने पर वह पीछे हट गया।
बुधवार सुबह 11 बजे के करीब वह दर्जन भर मनबढ़ों के साथ मिल मालिक के घर पहुंच गया और पति-पत्नी पर हमला बोल दिया। मारपीट के बाद ठेकेदार ने जान से मारने की नियत से दोनों पर फायरिंग कर दी, मगर निशाना चूक गया। इस वारदात से पीड़ित परिवार के साथ ही मोहल्ले के लोग दहशत में है।