गोला में 19 अप्रैल को सेल्समैन से हुई लूट का पुलिस ने मंगलवार को पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल एक बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो हजार रुपये बरामद किए। पीड़ित ने थाने में पकड़े गए बदमाश की पहचान की। वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश चल रही है।
ककरही गांव निवासी शिवराम शुक्ल कोल्ड ड्रिंक्स की एजेंसी चलाते हैं। 19 अप्रैल की दोपहर दो बजे वह भर्रोह में दुकानदारों को सप्लाई लेकर टेंपो से लौट रहे थे। छितौना मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने शिवराम के ऊपर पिस्टल तान दी और उनका बैग लूट लिया। बैग में दुकानदारों से वसूले गए 13 हजार रुपये थे। पीड़ित ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कराया था।
गोला प्रतिनिधि के अनुसार मुखबिर की सूचना पर दरोगा श्याम बहादुर सिंह ने सिपाही पवन राय, गौतम यादव के साथ सोमवार की सुबह पटौहा मंदिर के पास एक संदिग्ध बदमाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी पहचान बड़हलगंज के गड़थौली गांव निवासी धमेंद्र के रूप में हुई। उसके कब्जे से दो हजार रुपये मिले। वारदात में शामिल बड़हलगंज क्षेत्र के रहने वाले दूसरे साथी के बारे में उसने जानकारी दी है जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।