गोरखपुर। पदोन्नति, प्रोन्नति वेतनमान, नवीन पेंशन योजना में कटौती और मूल्यांकन पारिश्रमिक के भुगतान आदि मांगों को लेकर डीआईओएस दफ्तर पर चल रहे उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) का धरना छठवें दिन समाप्त हो गया। संयुक्त शिक्षा निदेशक व डीआईओएस ने सभी मांगों के निस्तारण के लिए 15 दिन की मोहलत मांगी, जिस पर शिक्षक रजामंद हो गए।
जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे से धरना शुरू किया गया। कुछ देर बाद ही संयुक्त शिक्षा निदेशक एसएन मिश्र और डीआईओएस एएन मौर्या ने वार्ता के लिए बुलाया। शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को भेजा।
अधिकारियों ने कुछ मांगों को मानते हुए आदेश जारी कर दिया और कुछ के समाधान के लिए 15 दिन का समय मांगा। इसपर शिक्षकों ने 21 दिन का समय देते हुए कहा कि अगर मांगे पूरी नहीं हुईं तो आठ फरवरी से धरना दोबारा शुरू किया जाएगा। इस दौरान महराजगंज के जिला मंत्री विजय प्रताप सिंह के पिता और विधायक प्रतिनिधि ज्ञानेश राय की दादी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया।
इस दौरान मंडलीय मंत्री श्रीनाथ दीक्षित, रमाशंकर सिंह, मुरलीधर त्रिपाठी, ज्ञानेश राय, राम सकल राय, डॉ. दिग्विजय पांडेय, आनंद सिंह, डीएन पाठक, पीएन सिंह, आदि उपस्थित थे।