त्योहारो के मद्देनजर एसएसपी के नेतृत्व में मार्च निकाला गया।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
कच्ची बगिया में हुए बवाल के बाद देर रात एसएसपी ने एसओ तिवारीपुर को लाइन हाजिर कर दिया। कई शिकायतों के चलते इंस्पेक्टर राजघाट को भी लाइन हाजिर किया गया है। क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने के साथ ही शुक्रवार दोपहर बाद एसएसपी ने फोर्स के साथ कोतवाली सर्किल में बाइक पर गश्त की। उपद्रवियों पर नजर रखने के साथ ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
तिवारीपुर के नरसिंहपुर कच्ची बगिया में बृहस्पतिवार की रात मोहर्रम का ढोल-तासा बजाने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें चार लोग घायल हो गए। सूचना पहुंची स्थानीय पुलिस बवाल को काबू करने में नाकाम रही थी। जानकारी के बाद फोर्स के साथ पहुंचे एसपी (सिटी) हेमराज मीणा, सीओ कैंट अभय मिश्रा ने स्थिति संभालने के साथ ही चार लोगों को हिरासत में लिया था।
एसएसपी के निर्देश पर रात में ही घटनास्थल के आसपास फोर्स तैनात कर दी गई थी। देर रात स्थिति न संभाल पाने वाले एसओ तिवारीपुर राजनाथ सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। इसके अलावा खराब व्यवहार की शिकायत पर इंस्पेक्टर राजघाट गोपाल त्रिपाठी को भी लाइन हाजिर कर दिया गया। तिवारीपुर थाने के एसएसआई उपेंद्र यादव को यहां प्रभारी बनाने के साथ ही पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर घनश्याम तिवारी को राजघाट थाने का प्रभार दिया है।
शुक्रवार दोपहर दो बजे एसएसपी रामलाल वर्मा ने सूर्यकुंड, तिवारीपुर, जाफरा बाजार, घासीकटरा, खूंनीपुर, घंटाघर, अलहदादपुर के रास्ते बाइक से शहर क्षेत्र के सभी थानेदार, चौकी प्रभारी संग गश्त किया। उपद्रवियों पर कार्रवाई करने के साथ ही मातहतों से अपने क्षेत्र में चौकस रहने का निर्देश दिया।