फलमंडी के पास रहने वाली छात्रा का परिवार शोहदे की धमकी से डरा हुआ है। एक महीने से छात्रा का पीछा करके परेशान करने के बाद वह शादी का दबाव बना रहा है। 23 मई की रात अपने साथियों के साथ घर में घुसकर उसने परिवार के लोगों पर पिस्टल तान कर शादी न करने पर जान से मारने की धमकी तक दे डाली। छात्रा ने इस मामले में केस दर्ज कराया है।
बीएस में पढ़ने वाली छात्रा परिवार के साथ राजीवनगर, फलमंडी के पास स्थित मकान में रहती है। इंजीनियरिंग कॉलेज के पास रहने वाला बेलघाट, सोपाई घाट का रहने वाला सूरज सिंह एक महीने से उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि वह शादी करने के लिए दबाव बना रहा है। बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।
आरोपी के डर से छात्रा घर से बाहर नहीं निकल पा रही। 23 मई की रात सूरज चार साथियों के साथ छात्रा के घर पहुंच गया। कमरे में सो रही भाभी की पिटाई करने के बाद पिस्टल तान कर शादी न करने पर वह जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान दूसरे मंजिल पर सो रहे छात्रा के बड़े भाई और भाभी जब वहां पहुंचे तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी देकर वह फरार हो गया।
छात्रा की तहरीर पर खोराबार पुलिस ने सूरज व उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ बलवा, घर में घुसकर मारपीट करने और धमकी देने का केस दर्ज किया है। एसपी (सिटी) हेमराज मीना ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।