गगहा (गोरखपुर)। चोरी के आरोप में गगहा थाने में बैठाया गया युवक हथकड़ी समेत फरार हो गया। 26 जनवरी को इस घटना की जानकारी होने पर एसएसपी ने मुंशी वीरेंद्र को लाइनहाजिर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक झंगहा थाना क्षेत्र के बौठा गांव निवासी हरिओम कश्यप 25 जनवरी को गगहा के बलुआ गांव में बारात में गया था। लौटते समय गगहा थाना क्षेत्र के कलानी गांव निवासी अंबुज मिश्र के घर में घुस गया था। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के साथ ही डायल 100 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 315 बोर का तमंचा मिला। उसे पकड़कर पुलिस थाने लाई। शनिवार की सुबह पांच बजे वह हथकड़ी समेत फरार हो गया। जानकारी मिलते ही थानेदार उसकी तलाश में लग गए, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।