गोरखपुर। प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता राजेश त्रिपाठी, उनकी पत्नी और बेटे को जान से मारने की धमकी के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बड़हलगंज स्थित राजेश त्रिपाठी के आवास पर पुलिस पिकेट लगा दी गई है। वहीं एसएसपी ने संबंधित थानेदार को भी घर के आसपास गश्त करने का आदेश दिया है।
बड़हलगंज में रहने वाले पूर्व मंत्री के मोबाइल फोन पर कनाडा से कॉल आई थी। इस मामले में भाजपा नेता ने लखनऊ के विभूति खंड थाने में 19 मई को मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर सुरक्षा की मांग की है। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की रिपोर्ट डीजीपी से तलब की थी। राजेश त्रिपाठी के अलावा अन्य कई विधायकों को भी धमकी दी गई है। लखनऊ से सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद गोरखपुर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि बड़हलगंज स्थित पूर्व मंत्री के आवास पर पुलिस की पिकेट लगा दी गई है। थानेदार को भी गश्त बढ़ाने के लिए कहा गया है।