शहर में सरेशाम युवती सुनीता की गर्दन काटने वालों की तलाश में पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। वहीं रविवार को पुलिस ने पूछताछ के बाद सुनीता की सहेली को छोड़ दिया। सुनीता के मामा से अभी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस को संदेह है कि रिश्ते के विवाद में हत्या की गई है।
सीओ क्राइम, सीओ कैंट, कैंट और महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हैं। कुशीनगर के हाटा क्षेत्र के पगरा निवासी विजयमल्ल चौहान ने कैंट थाने में अज्ञात पर बेटी का गला रेतकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। सीसीटीवी फुटेज व सर्विलांस की मदद से हत्यारोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को संदेह है कि कोई करीबी इस वारदात में शामिल है। सुनीता के साथ हास्पिटल में काम करने वाले कर्मचारी व रूम पार्टनर रही युवती से शनिवार को पूरे दिन पूछताछ की गई।
पुलिस ने यह जानने की कोशिश की कि सुनीता की किससे दोस्ती थी और हाल के दिनों में किससे तल्खी चल रही थी। हास्पिटल और कमरे पर मिलने आने वाले लोगों के बारे में जानकारी हासिल की। संदेह के दायरे में आए मामा को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।