शाहपुर थानाक्षेत्र में पीएसी कैंप से चंद कदमों की दूरी पर बुधवार को बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी गई और शव निर्वस्त्र हाल में कमरे में बंद कर दिया गया। पॉश इलाके में दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से सनसनी फैल गई। पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड ने भी छानबीन की।
पीएसी कैंप के पास तुलसीराम मोहल्ले में रेलवे कारखाने से रिटायर्ड हो चुके मुन्नी लाल की पत्नी भोली (70) रहती थीं। पति की मौत के बाद उन्हें करीब 10 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलती थी और इसी के सहारे वह बेटे रंजीत के साथ रह रही थीं। रंजीत नगर निगम में संविदा सफाई कर्मचारी है। बुधवार सुबह छह बजे वह काम पर चला गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे लौटा तो घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। रंजीत ने सोचा मां कहीं गई होगी, अभी आ जाएगी। इसी आस में कुछ देर तक घर के बाहर बैठा रहा, जब मां नहीं लौटी तो घर की कुंडी खोलकर वह अंदर गया और खून से लथपथ मां की निर्वस्त्र लाश देखी। कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या की गई थी। मौके पर कुल्हाड़ी भी मिल गई। मां की लाश देख रंजीत चीख पड़ा और रोने लगा। यह सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। घर के सामान बिखरे हुए थे, जिससे लूटपाट की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना डायल 100 की मदद से पुलिस को दी गई। सूचना पाकर एसपी सिटी विनय सिंह, एसपी क्राइम आलोक शर्मा, सीओ चारु निगम फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और रंजीत से पूरी जानकारी ली गई। रंजीत ने आसपास के तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस अफसरों का कहना है कि छानबीन के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सामान बिखेरने या फिर लूटपाट के पीछे मंशा पुलिस का ध्यान भटकाना हो सकता है।
एसएसपी के कार्यकाल की पहली बड़ी वारदत
एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के कार्यकाल में हत्या की यह पहली बड़ी वारदत है। इसलिए पूरी घटना को पुलिस चुनौती के रूप में ले रही है। मुख्यमंत्री गुरुवार को गोरखपुर आ सकते हैं। इसलिए पुलिस हत्या के अभियुक्तों को जल्द पकड़ने की कोशिश में है।
चोरी के आरोपियों पर ही हत्या का आरोप
शाहपुर के तुलसीराम में बुजुर्ग भोली की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस की पूछताछ में मृतक महिला के बेटे रंजीत ने पास के ही तीन युवकों को आरोपी बनाया है। इन तीनों पर ही उसने करीब एक महीने पहले घर में 40 हजार रुपये नकद समेत डेढ़ लाख के जेवरात की हुई चोरी का भी आरोप लगाया था। तब पुलिस ने तीनों को हिरासत में तो ले लिया था, मगर केस दर्ज नहीं किया था। आरोप है कि रुपये देकर छूटने के बाद तीनों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने इस पहलू पर भी जांच शुरू कर दी है।
पति की मौत के बाद भोली घर में दो बेटों और बहू के साथ रहती थी। सालों पहले बड़े बेटे अनिल कुमार की मौत हो गई थी। उसकी पत्नी रजिया भी रेलवे में सफाई कर्मचारी है और तीन बेटों के साथ अलग रहती है। रंजीत की पत्नी गर्भवती है, इस वजह से कुछ दिन पहले ही उसने पत्नी को मायके भेज दिया था। रंजीत के काम पर जाने के बाद भोली घर में अकेले ही रहती थीं। पिछले महीने रंजीत कहीं दावत में गया था तो मां को भाभी के घर छोड़ दिया था और तीन दिन बाद लौटने पर घर में चोरी की जानकारी हुई थी। जिसके बाद उसने तीन युवकों पर संदेह जाहिर किया था। रंजीत के घर का रास्ता इतना सकरा है कि उसमें जा पाना आसान नहीं है।
निर्वस्त्र शव मिलने पर भी चर्चा
महिला का निर्वस्त्र शव मिलने से तरह-तरह की चर्चाएं हैं। उम्र ज्यादा होने से पुलिस रेप की आशंका से इंकार कर रही है लेकिन शव की हालत हैवानियत की ओर इशारा कर रही है। फिलहाल यह पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगा कि बुजुर्ग महिला के साथ दरिंदगी हुई थी या नहीं।