गोरखपुर।
रोडवेज बस अड्डे पर महिला दीवान के बेटे पर हमला कर मनबढ़ों ने सोने की चेन लूट ली। पीड़ित ने दो कंडक्टर पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। जांच चल रही है।
महराजगंज के निचलौल में तैनात महिला दीवान विद्या सिंह का आवास पुलिस लाइन में है। मंगलवार की शाम उनका बेटा कुणाल सिंह रोडवेज बस अड्डे के पास दूध लेने गया था। आरोप है कि वहां मौजूद चार-पांच लोगों ने किसी बात पर उसे गाली दे दी और धकेलने लगे। बकौल कुणाल, जब उसने इसका विरोध किया तो वे पिटाई करने लगे। इतना ही नहीं, मारपीट कर सोने की चेन भी लूट ली। मनबढ़ कुणाल की पिटाई कर उसे रोडवेज के भीतर ले जाने लगे, लेकिन वह किसी तरह से भागकर थाने पहुंचा। ड्यूटी पर तैनात दीवान के मोबाइल से फोन करके उसने घर वालों को जानकारी दी। कुणाल ने पुलिस को बताया कि वह पहले रोडवेज में काम कर चुका है। पिटाई करने वाले दो लोगों को उसने पहचान लिया है। कुणाल ने एक माह पूर्व सोने की चेन 85 हजार रुपये में खरीदी थी।