खोराबार थानाक्षेत्र के जंगल सिकरी के पास स्थित केशरवानी पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार शाम अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार दो युवकों को रौंद दिया। इनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां से उसके घर वाले उसे नर्सिंग होम लेकर चले गए। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया। दोनों ही युवकों ने हेलमेट नहीं लगाए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर हेलमेट लगाए होते तो मृतक की जान बच सकती थी।
खोराबार थानाक्षेत्र के बहरामपुर टोला घोषी निवासी शेखर (25) गुप्ता ने गांव में टेंट हाउस खोला था। गांव का इनारमल विश्वकर्मा (24) वहीं काम करता था। मंगलवार को दोनों स्कूटी से शहर जा रहे थे। जंगल सिकरी के पास देवरिया की तरफ जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। शेखर का सिर ट्रक के पहिये के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि इनारमल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घरवाले उसे प्राइवेट नर्सिंग होम लेकर चले गए। घटना के बाद ट्रक छोड़कर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ट्रक चालक की पहचान गणेश यादव निवासी डरेवा थाना जीयनपुर जिला आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसने खोराबार में गिट्टी उतारी थी और फिर झांसी जा रहा था। चालक ने सिपाही पर रुपयों से भरा पर्स छीनने का आरोप भी लगाया है। हालांकि सिपाही ने कहा कि चालक भाग न जाए इस वजह से उसका पर्स लिया था।
घर का जिम्मेदार था शेखर
शेखर गुप्ता और इनारमल दोनों के ही पिता की मौत हो चुकी है। दोनों ही घर का खर्च उठाते थे। शेखर दो भाइयों में छोटा था और दो बच्चे का पिता भी था। बड़ा बेटा चार साल का और छोटा दो साल का है, जबकि इनारमल चार भाई हैं। इनारमल भी एक बच्चे का पिता है। इस समय वह अस्पताल में मौत से जूझ रहा है।