गोरखपुर। बैंक रोड स्थित पीएनबी के एटीएम से रकम निकालने गई छात्रा नेहा पटेल को डराकर तीन बदमाश पांच हजार रुपये लेकर फरार हो गए। छात्रा ने पहले पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना, फिर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस जांच कर रही है।
महराजगंज के देवरवां निवासी नेहा पटेल बैंक रोड स्थित चक्रवती कंपाउंड में रहती हैं। वह मेडिकल की तैयारी कर रही हैं। बृहस्पतिवार की शाम वह एटीएम से कैश निकालने गई थीं। केबिन में दाखिल होने के बाद नेहा ने कार्ड लगाकर फिर पिन डाला।
उसके तुरंत ही बाद तीन युवक अंदर दाखिल हो गए और छात्रा को धक्का देते हुए पांच हजार रुपये निकालकर फरार हो गए। छात्रा की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की आसपास तलाश की। तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। छात्रा ने बैंक में भी इसकी शिकायत की है। पुलिस बैंक के सीसी फुटेज के सहारे बदमाशों की पहचान में जुटी है।