फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेटे ने की महिला की हत्या, आंख भी फोड़ी

Tue, 17 Jul 2018 01:38 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, गोरखपुर।
विज्ञापन
क्राइम - फोटो : demo
विज्ञापन
पाली (गोरखपुर)। सहजनवां के हड़हा सोनबरसा गांव में रविवार की देर रात बेटे ने अपनी मां को बेरहमी से मार डाला। उसने सोते वक्त मां के हाथ-पैर बांधकर पहले लोहे के रॉड से पीटा, फिर गला दबाकर जान ले ली। पुलिस के मुताबिक बेटे ने मां की आंखें तक फोड़ दीं। बहन अनीता की तहरीर पर आरोपी भाई लोलई, उसकी पत्नी सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक महिला ने जमीन बेचकर उसका पैसा पति के इलाज पर खर्च कर दिया। इससे लोलई नाराज था।
विज्ञापन


हड़हा सोनबरसा गांव निवासी सुराती देवी (55) के पति श्यामदेव यादव बीमार हैं। उनका इलाज चल रहा है। इसमें जब रकम की कमी आई तो सुराती देवी ने गांव की दो बीघा जमीन बेच दी। साथ ही पति श्याम देव को लेकर सहजनवां में किराए पर रहने वाली बेटी अनीता के पास चली गई। रविवार को शाम वह घर लौटी थीं। इसी दौरान बेटे लोलई ने सुराती से पैसे की मांग की। उसका कहना था कि खेत बेचा और सारा पैसा बेटी अनीता को देकर आ गई। अब मैं, मेरा परिवार कहां जाएंगे। इसी को लेकर मां-बेटे में कहासुनी हुई। मां ने बेटे को बताया कि इलाज पर सारा पैसा खर्च हो गया लेकिन उसे भरोसा न हुआ। आरोप है कि इससे नाराज लोलई ने सोते समय मां के हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद लोहे के रॉड से पिटाई की। आंखें तक फोड़ दीं। इसके पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती, आरोपी भाग निकला। उसकी बहन अनीता ने भाई लोलई, भाभी सुमित्रा, भाभी के भाई बसंत और ग्राम प्रधान के पिता साधु यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा कराया है।
 

लोलई को डर था मां संपत्ति बेटी को न दे दे

अनीता की शादी हो चुकी है। उसका ससुराल से विवाद चल रहा है। इस कारण वह किराए पर सहजनवां में ही रहती है। बेटी के घर मां-बाप का अक्सर आना-जाना होता था, जो लोलई को नागवार गुजरता था। उसे लगता था कि मां सारी संपत्ति बहन को ही देगी। लोलई ने जमीन बिकवाने का जिम्मेदार भी अनीता को ठहराया था। गांव वालों के मुताबिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार में अक्सर झगड़ा होता था।
विज्ञापन
विज्ञापन



आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। कई जगह दबिश दी गई। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- रोहित सिंह सजवाण, एसपी नार्थ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें