जख्मी जयप्रकाश को अस्पताल लाया गया।
- फोटो : Amar Ujala
गोला के चिलवा पुल के पास विमटी धौरहरा रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने बुजुर्ग को गोली मारकर घायल कर दिया। कमर के ऊपर दाहिने तरफ गोली लगते ही बुजुर्ग जमीन पर गिर गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। भीड़ देखकर बदमाश फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार घायल व्यक्ति हत्या के मामले में सजा काट चुका है।
गोला के विमटी गांव निवासी जयप्रकाश यादव (60) रविवार दोपहर तीन बजे साइकिल से बेटी के घर ककरही जा रहे थे। चिलवा पुल के करीब पुराने ईंट-भट्ठे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने जयप्रकाश को रास्ते में रोक लिया और गोली मार दी। लहूलुहान होकर जयप्रकाश साइकिल लेकर जमीन पर गिर गए। हमलावर मौके से फरार हो गए। एसपी साउथ ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, प्रभारी एसओ अनिल उपाध्याय मौके पर पहुंचे और घायल से बातचीत की।
एसपी ने बताया कि घायल जयप्रकाश हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता थे। कुछ वर्ष पहले जेल से सजा काटकर वापस आए थे। इसके बाद बेटे के साथ वह गुजरात में रहने लगे। कुछ दिन पहले अमावस्या स्नान के लिए घर आए। तब से गांव में ही रह रहे थे। सोमवार को साइकिल लेकर जयप्रकाश अपनी बेटी के घर ककरही जाने लगे। इसी बीच उन्हें रास्ते में गोली मार दी गई। रंजिश में गोली मारने की बात सामने आ रही है। प्रभारी एसओ गोला ने कहा कि मामले की जांच जारी है। तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।