चौरीचौरा इलाके में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। निबियहवा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुए हादसे के बाद अंधेरे और कोहरे के चलते शव से कई वाहन गुजर गए। इससे शव के कई टुकड़े हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चौरीचौरा प्रतिनिधि के मुताबिक निबियहवा क्रॉसिंग के पास साइकिल सवार को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया। सोमवार की देर रात हुए हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई। कोहरे की वजह से कई वाहन शव के ऊपर से गुजर गए। जिससे शव पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मंगलवार भोर में आसपास के लोगों की नजर शव के टुकड़ों पर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव के शिनाख्त की कोशिश की मगर पहचान नहीं हो सकी। वहीं, देवीपुर की मैना देवी (90) घर के पास ही सड़क पर टहल रही थी। तभी चारपहिया वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बरहुआं में भी शव से गुजरे थे वाहन
कुछ दिनों पहले नौसड़ से आगे बरहुआं के पास हुए हादसे में मृत युवक के शव के से भी कई वाहन गुजर गए थे। शव के टुकड़े होने की वजह से उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। इसी तरह चौरीचौरा में भी वाहनों के गुजरने से शव क्षत-विक्षत हो गया है। पुलिस कपड़ों आदि के आधार पर गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने वाले लोगों से संपर्क कर पहचान की कोशिश कर रही।