गोरखपुर। एसटीएफ गोरखपुर ने मंगलवार रात चिलुआताल के मजनूं चौराहे से पांच हजार के इनामी बदमाश अखिलेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि वह बदायूं जेल में बंद शातिर बदमाश चंदन का खास शूटर है। चंदन के कहने पर ही उसने खलीलाबाद में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या और शाहपुर में इंजीनियर के घर पर फायरिंग की थी।
आईजी एसटीएफ के निर्देश पर गोरखपुर एसटीएफ टीम के इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, उप निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह इनामी बदमाशों की तलाश में जुटे थे। मंगलवार को शातिर बदमाश मजनूं चौराहा निवासी अखिलेश के चौराहे पर आने की सूचना मिली। एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कई मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में अखिलेश ने बताया कि चंदन सिंह को गुंडा टैक्स नहीं देने पर उसने खलीलाबाद कोतवाली इलाके के बड़ी सरौली निवासी प्रॉपर्टी डीलर शैलेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या की थी। संतकबीरनगर पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। चंदन के कहने पर ही उसने शाहपुर निवासी इंजीनियर भानु प्रताप सिंह के घर भी फायरिंग की थी। अखिलेश पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी मांगने और लूट के छह से अधिक केस दर्ज हैं।