पुरानी रंजिश में बीती रात बवाल होने पर मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala / File photo
गोरखपुर। तिवारीपुर क्षेत्र के अलवापुर मोहल्ले में सोमवार की रात पुरानी रंजिश में दो पक्षों में मारपीट और पथराव के बाद सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ नामजद समेत कई अज्ञात पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने नामजद लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
अलवापुर मोहल्ले के मोहम्मद हुसैन और कल्लू के परिवार में काफी दिनों से रंजिश है। सोमवार की रात मोहम्मद हुसैन का पुत्र आसिफ उर्फ रिंकू और कल्लू मोहल्ले में ही पान की दुकान पर भिड़ गए थे। उनके बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच दोनों पक्षों के लोग जुट गए और पथराव होने लगा। सूचना मिलने पर एसपी नार्थ गणेश साहा, एसपी सिटी विनय कुमार सिंह, एसपी क्राइम आलोक वर्मा और सहायक पुलिस अधीक्षक चारु निगम कई थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया। पुलिस ने मामले में बड़े काजीपुर निवासी मोहम्मद हुसैन, अफजल, आरिफ, नासिर, अलवापुर निवासी सनी, मुन्ना, शंभू, विकास और गुलाटीपुर निवासी फैजल के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।