गोरखपुर। चिलुआताल पुलिस ने रविवार की रात बरगदवा तिराहे के पास से चार किशोरों सहित 10 लोगों को गिरफ्तार किया। सभी के पास से पुलिस ने लूट और चोरी के 10 मोबाइल फोन भी बरामद किए।
एसपी उत्तरी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि इंस्पेक्टर चिलुआताल राजू सिंह रविवार की रात हमराहियों के साथ बरगदवा तिराहे पर खड़े थे। इस बीच गोरखनाथ की तरफ से एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई पड़े। रोक कर तलाशी ली गई तो उनके पास से चोरी के दो मोबाइल मिले। कड़ाई से पूछताछ में तीनों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली।
तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने चार किशोरों समेत सात अन्य लोगों को चोरी और लूट के दस मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान तिवारीपुर क्षेत्र के रसूलपुर निवासी आनन्द कुमार, सूर्यविहार कालोनी निवासी चंदन, रवि कुमार, अंधियारीबाग निवासी मोहित कुमार, तकिया कवलदह निवासी साहिल सिद्दीकी, सूरजकुण्ड निवासी अजय गुप्ता के रूप में हुई। इसमें चंदन, अजय गुप्ता और रवि एक ही इंस्टीट्यूट से आईटीआई कर रहे है। वह अपना शौक पूरा करने के लिए लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देते है।