गोरखपुर। शहर के एक शोरूम और मकान के ताले तोड़कर चोर रकम, जेवरात और कीमती कपड़े चुरा लिए। शाहपुर के मेडिकल रोड पर स्थित शोरूम से चोरों ने दो लाख नकद, चांदी के सिक्के और कपड़े उड़ाए। वहीं खोराबार के तारामंडल में एक मकान से 50 हजार नकद और गहने चोरों ने चुरा लिए। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
पादरी बाजार प्रतिनिधि के मुताबिक शाहपुर के मेडिकल कॉलेज रोड पर सिविल लाइंस निवासी ललित का रेमंड्स का शोरूम है। बुधवार की रात करीब 10 बजे वह शोरूम बंद कर घर चले गए। रात में चोरों ने शटर तोड़कर शोरूम के कैश बॉक्स में रखे दो लाख रुपये, चांदी के सिक्के और काफी मात्रा में कपड़े चुरा लिए। शोरूम के बगल में मेडिकल स्टोर का भी शटर तोड़ा गया था, पर सामान चुराने में चोर सफल नहीं हो पाए थे। सुबह शोरूम और मेडिकल स्टोर के टूटे शटर देखकर आसपास के लोगों को चोरी की जानकारी हुई। पादरी बाजार में ही बुधवार की रात चोरों ने एक गुमटी को तोड़कर चोरी की कोशिश की। रमाकांत के बेटे विनय की पादरी बाजार में मोहम्मदनगर गेट के पास गुमटी है। रात में चोर गुमटी में लगे लकड़ी के पटरे को तोड़ने की कोशिश की।
चोरी की दूसरी वारदात तारामंडल निवासी राजेंद्र यादव के मकान में हुई। बुधवार की रात घर में परिवार के लोग सोए थे। रात में चोर खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। घर की आलमारी से 50 हजार रुपये, सोने की चार चेन, मंगलसूत्र सहित करीब दो लाख के गहने गायब थे।