बांसगांव के बघराई के पास बाइक सवार दो बदमाश बुधवार शाम साढ़े छह बजे पिस्टल सटाकर हिंदुस्तान लीवर के सेल्समैन इंदल यादव से 60 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस सेल्समैन के बताए हुलिए के हिसाब से बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर लूट का केस दर्ज कर लिया है।
गगहा थानाक्षेत्र के टेकुआदर्जी गांव निवासी इंदल यादव हिंदुस्तान लीवर में सेल्समैन हैं। वह बुधवार को कौड़ीराम, बांसगांव इलाके में कंपनी का बकाया रकम वसूलने गए थे। रकम की वसूली कर वह शाम को बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में पहले से ही घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। वह कुछ समझ पाते, तभी एक बदमाश ने उन पर पिस्टल तान दिया और बैग में रखे 60 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। थोड़ी देर बाद कंट्रोल रूम को मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने इंदल से लुटेरों को हुलिया पूछा और उसी आधार पर चेकिंग कराकर बदमाशों की तलाश कर रही है। बांसगांव थानेदार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही बदमाश पकड़ लिए जाएंगे।