गोरखपुर।
पशुओं की तस्करी कर पिकअप से ले जा रहे तस्करों ने गुरुवार की रात कौड़ीराम चौकी प्रभारी रामनारायण दुबे को जान से मारने की कोशिश की। तस्करों ने उन्हें गाड़ी से टक्कर मार दी, जिसमें वे घायल हो गए। इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस वालों ने एक कार मालिक की मदद से तस्करों को दौड़ा लिया। करीब दो घंटा पीछा करने के बाद गोला इलाके में गाड़ी को पुलिस ने पकड़ लिया लेकिन तस्कर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
गगहा क्षेत्र स्थित अतायर गांव निवासी नरसिंह यादव गुरुवार को कार से गांव जा रहे थे। कौड़ीराम-गोला मोड़ पर पिकअप ने कार में टक्कर मार दी और भागने लगा। नरसिंह यादव ने पिकअप का पीछा किया और घटना की सूचना कौड़ीराम चौकी प्रभारी रामनारायण दुबे को दी। चौकी प्रभारी विशुनपुर गांव की तरफ से गश्त कर लौट रहे थे। उन्होंने फोन से चौकी पर तैनात सिपाहियों को पिकअप रोकने को कहा। चौकी प्रभारी ने तेजी दिखाई और बांसगांव मार्ग पर पहुंचकर गाड़ी खड़ी कर दी और पिकअप का इंतजार करने लगे। इसी दौरान पिकअप दिखाई दी। उन्होंने चालक को रोकने के लिए इशारा किया तो उसने पहले गाड़ी धीमी की और अचानक रफ्तार बढ़ाते हुए चौकी प्रभारी को टक्कर मारते हुए भागने लगा। उधर, चौकी के सिपाही भी बाइक से वहां पहुंच गए। नरसिंह पिकअप के पीछे पहले से थे। उन्होंने पिकअप को पकड़वाने में सिपाहियों की मदद की। इसी बीच नरसिंह ने घटना की जानकारी मोबाइल से फोन कर एसएसपी को दे दी। इसके बाद जिले में चेकिंग शुरू कर दी गई। इस पर पिकअप चालक ने मुख्य सड़क छोड़कर गांव की पगडंडी पकड़ ली। पुलिसकर्मी और नरसिंह कार से उसका पीछा करते रहे। तकरीबन दो घंटे बाद गोला के हबरुश गांव के पास नहर पर एक गड्ढे में पिकअप फंसी मिली। चालक और तस्कर फरार हो गए थे। पुलिस तस्करों की तलाश कर रही है।