बेलीपार। भौवापार में बुधवार देर रात विवाहिता का शव फंदे के सहारे लटका मिला। विवाहिता के पति ने शव नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। भौवापार निवासी सनातन गुप्ता शहर की एक कोरियर कंपनी में काम करते हैं। उनकी शादी संतकबीरनगर निवासी इंद्रमणि गुप्ता की बेटी सोनी गुप्ता (24) से इसी साल आठ फरवरी को हुई थी। सनातन के मुताबिक उनकी पत्नी सोनी मोबाइल फोन से अक्सर किसी से बात करती थी। चार माह पूर्व जानकारी होने पर उन्होंने जब मोबाइल ले लिया तो वह झगड़ा करने लगी। सनातन ने बताया कि बुधवार शाम को सोनी भोजन के बाद कमरे में सोने चली गई। कुछ देर बाद दरवाजा नहीं खुला। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो सोनी साड़ी के फंदे के सहारे लटकी थी। शव को नीचेे उतारकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस मामले में अभी किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।