चिलुआताल (गोरखपुर)। थानाक्षेत्र के भगवानपुर गांव के पास किशोरी से छेड़खानी का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी परिजनों तक पहुंची तो सहमी किशोरी ने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर घरवालों ने उसको बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। किशोरी की हालत में मामूली सुधार है। चिलुआताल पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर बृहस्पतिवार को तीन युवकों के खिलाफ छेड़खानी का मुकदमा दर्ज किया है।
घटना बुधवार देर रात की है। पीड़ित किशोरी के बयान के मुताबिक वह गांव से कुछ दूर घूमने गई थी, तभी गांव के ही तीन युवकों ने उसे घेर लिया और छेड़खानी करने लगे। युवकों के चंगुल से बचकर किशोरी किसी तरह घर पहुंची। घरवालों ने उससे रात में घर से बाहर जाने का कारण पूछा तो वह घबरा गई। उसने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी और घर में पहले से रखा कीटनाशक पी लिया। कुछ देर में ही किशोरी की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी किशोरी के पिता ने बृहस्पतिवार को चिलुआताल पुलिस को दी। पुलिस किशोरी का बयान दर्ज करने मेडिकल कॉलेज पहुंची तो उसने आपबीती सुनाई। इसी आधार पर गांव के तीन युवकों के खिलाफ छेड़खानी का केस दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। आरोपी युवक फरार हैं।
पिता ने रेप का आरोप लगाया
किशोरी के पिता ने तीनों युवकों पर रेप का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी तहरीर भी चिलुआताल पुलिस को दी थी लेकिन पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक छानबीन में रेप का आरोप गलत मिले है। किशोरी ने बयान में छेड़खानी की बात कही थी, इसी आधार विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।
किशोरी के बयान के आधार पर छेड़खानी का केस दर्ज किया गया है। छेड़छाड़ की बात घरवालों को पता चले और उसे डांट पड़े, इसी डर से किशोरी ने कीटनाशक पी लिया था। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी होगी।
- अनुज कुमार सिंह, एसओ, चिलुआताल