बड़हलगंज स्थित दुर्गावती हास्पिटल में बृहस्पतिवार को जमकर बवाल हुआ। आरोप है कि अस्पताल में दरवाजे की कुंडी बदलवा रही महिला चिकित्सक डॉ. पूनम यादव पर पति डॉ. मनोज ने स्टॉफ के साथ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई डॉक्टर पूनम की मां के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान डॉ. पूनम के साथ अभद्रता भी की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया है। डॉ. पूनम ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर कार्रवाई की बात कह रही है।
चिकित्सक डॉ मनोज यादव व उनकी पत्नी डॉ पूनम यादव के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। अस्पताल के आवासीय भवन में ही पति-पत्नी अलग-अलग रहते हैं। डॉ पूनम यादव ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि अपने सामान की सुरक्षा के लिए एक कमरे में कुंडी लगवा रही थीं इस बीच उनके पति अस्पताल कर्मियों के साथ पहुंचे और कुंडी लगवाने का विरोध करने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तकरार होने लगी। उन्होेंने अस्पताल कर्मियों पर अपने साथ अभद्रता करने तथा पति पर पीटने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर गोपाल त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी के बुलाने पर नहीं आए डॉ मनोज
पति के प्रताड़ना से परेशान डॉ. पूनम यादव ने डीआईजी नीलाब्जा चौधरी से भी मुलाकात की थी। पति-पत्नी के बीच विवाद की पूरी जानकारी लेने के बाद डीआईजी ने डॉ मनोज यादव को बुलाया भी था, लेकिन वह नहीं गए।
पहले भी हो चुकी है मारपीट
डॉ. पूनम के साथ पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। डॉ. मनोज पर क्लीनिक में मरीजों के सामने ही डॉक्टर पूनम को मारने-पीटने का आरोप लगा था। इस मामले में पुलिस ने केस भी दर्ज किया था लेकिन कोई कार्रवाई न होने की वजह से बृहस्पतिवार को एक बार फिर घटना हो गई।
चार महीने से लगा रही अफसरों का चक्कर
कोर्ट का आदेश लिए बीते चार महीने से डॉ. पूनम आला अफसरों का चक्कर लगा रही हैं। बीच में डीआईजी ने गंभीरता दिखाई थी जिसके बाद ही डॉ. पूनम को क्लीनिक में कब्जा मिल गया था, लेकिन मारपीट के आरोपों के मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।