गोरखपुर। बेसिक शिक्षा विभाग से मान्यता हासिल करने के लिए 17 विद्यालयों ने आवेदन के साथ अग्निशमन विभाग की फर्जी एनओसी लगाई है। मामला पकड़ में आने के बाद बीएसए ने सभी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विद्यालय संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ शिक्षा विभाग की सख्ती के बाद मान्यता लेने के लिए आवेदनों की संख्या अचानक बढ़ गई है। अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए बिना स्कूल की मान्यता के लिए आवेदन नहीं किया जा सकता है। सभी एनओसी के सत्यापन के बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने जानकारी दी कि 17 विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत प्रमाण पत्र फर्जी हैं। इसके बाद बीएसए ने तत्काल प्रभाव से फर्जीवाड़ा करने वाले विद्यालयों को नोटिस जारी किया है।
अब तक 142 विद्यालयों को मिली मान्यता
23 जुलाई को बैठक में 142 विद्यालयों को मान्यता दी गई। इनमें एलकेजी से कक्षा आठ तक के 68, एलकेजी से कक्षा पांच तक अंग्रेजी माध्यम के 22, कक्षा एक से पांच तक के 38, नर्सरी से कक्षा पांच तक हिंदी माध्यम के आठ व कक्षा छह से आठ तक हिंदी माध्यम के तीन विद्यालय शामिल हैं।
मान्यता के लिए आए आवेदनों में से 17 में गड़बड़ी मिली है। सभी विद्यालयों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
- बीएन सिंह, बीएसए