गोरखपुर।
बुद्ध विहार पार्ट सी से अपहृत व्यापारी पवन साहनी (42) घर लौट आए। अपहरण की खबर फैलते ही हरकत में आई पुलिस ने राजघाट थानाक्षेत्र के एक पार्षद के घर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद ही पवन घर लौटे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद है और इसी विवाद में व्यापारी का अपहरण हुआ था। व्यापारी के घर लौटने के बाद पुलिस ने पार्षद को छोड़ दिया। व्यापारी ने कोई तहरीर नहीं दी है।
बता दें कि बुद्ध विहार पार्ट सी पवन साहनी (42) की राजघाट इलाके में शृंगार की दुकान है। वह एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी में एजेंट भी हैं। राजघाट के चकरा अव्वल के पास उनका पुराना मकान है। वहां उनके भाई प्रमोद व अन्य घरवाले रहते हैं। मंगलवार रात 9:20 बजे के करीब वह चकरा अव्वल के आशीष के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तभी घर से थोड़ी ही दूर पर एक सफेद रंग की स्कार्पियो सवार बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था। सूचना पाते ही हरकत में आई पुलिस ने घरवालों से पूछताछ के बाद एक पार्षद के घर दबिश दी और फिर व्यापारी भोर में तीन बजे के करीब लौट आए। इसके बाद पुलिस ने पार्षद को छोड़ दिया। इंस्पेक्टर खोराबार गिरिजेश तिवारी ने बताया कि व्यापारी घर पहुंच गए हैं। कोई तहरीर नहीं आई है। रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद था।