बडहलगंज (गोरखपुर)। फरसाड़ गांव के सामने हाइवे पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पिता-पुत्र को गोली मार दी। गोली संतोष के बाएं सीने और अभिनव के दाहिने कंधे पर लगी। दोनों सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। मौजूद ग्रामीणों ने बाइक सवार बदमाशों को दौड़ाने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट पहना था जबकि पीछे बैठे दोनों बदमाशों ने मुंह गमछे से बांधा था। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
टाडा गांव निवासी संतोष तिवारी अपने 13 वर्षीय पुत्र अभिनव के साथ बाइक से रविवार को आधार कार्ड बनवाने गए थे। दोपहर 2:30 बजे के करीब वह बेटे को लेकर लौट रहे थे। फरसाड़ गांव के सामने पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों में से एक ने तमंचा निकाल कर फायर कर दिया। फायरिंग सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर दोनों की हालत नाजुक बता रहे हैं। उधर, पूछताछ के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में लग गई है।
हत्या के मामले में न्यायालय से हुए थे बरी
टाडा गांव में 12 वर्ष पूर्व रामअशीष तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में संतोष तिवारी को भी आरोपी बनाया गया था। मुकदमा लंबे समय तक चला। बाद में संतोष तिवारी को न्यायालय ने बरी कर दिया। घटना के बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव था। पुलिस इस रंजिश को भी आधार मानकर जांच कर रही है।
एंबुलेंस न होने पर बिफरे विधायक
पिता-पुत्र को गोली लगने की सूचना पर बसपा विधायक विनय शंकर तिवारी भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। इसी दौरान चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर किया, मगर मौके पर एंबुलेंस नहीं थी। इस पर विधायक ने सीओ गोला से तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराने के लिए कहा। सीओ ने कहा कि वह कहां से एंबुलेंस उपलब्ध कराएं। इसी बात पर विधायक बिफर पड़े। बाद में एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायलों को भेजा गया।