नगर निगम चौकी से चंद कदम की दूरी पर दुकान का ताला तोड़कर चोर 50 हजार नकद और पांच लाख के मोबाइल फोन उठा ले गए। शुक्रवार की सुबह चोरी की जानकारी होने पर सीओ कोतवाली तारकेश्वर पांडेय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसी कैमरे में कैद फुटेज की मदद से चोरों की तलाश कर रही है।
दुकान मालिक रजत उर्फ रानू चंचल के मुताबिक शास्त्री चौक पर उनकी मोबाइल फोन की दुकान है। बृहस्पतिवार को ही उन्होंने करीब पांच लाख रुपये के मोबाइल फोन मंगाए थे। रोज की तरह रात नौ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। शुक्रवार की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो होश उड़ गए। दुकान में सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर कैश काउंटर में रखे 50 हजार रुपये, लैपटॉप और करीब पांच लाख रुपये का मोबाइल फोन चुरा ले गए। उधर, पुलिस चौकी के पास चोरी की घटना से व्यापारियों में नाराजगी है।
शाहपुर के इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी में वारदात, बच्चे का इलाज कराने गए थे घरवाले
पादरीबाजार में शाहपुर के इंद्रप्रस्थपुरम कॉलोनी में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर आठ हजार रुपये नकद और गहने चुरा ले गए। बच्चे का इलाज कराने गए घरवाले शुक्रवार सुबह पहुंचे तो टूटा ताला देखकर पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। आशुतोष सिंह उत्तराखंड में नौकरी करते हैं। कॉलोनी में स्थित मकान के एक कमरे में महराजगंज जिले के अमड़ा के मार्कंडेय पांडेय किराए पर परिवार के साथ रहते हैं। पेशे से बीमा एजेंट मार्कंडेय के बच्चे की बृहस्पतिवार की रात तबीयत खराब हो गई। वह चौराहे पर डॉक्टर के यहां इलाज कराने परिवार के साथ चले गए। मौका पाकर चोर दरवाजा का ताला तोड़कर घर में घुस गए और चोरी की। इलाज कराने के बाद घरवाले रिश्तेदार सुमन मिश्रा के घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह साढ़े छह बजे घर पहुंचे तो मेन दरवाजे का ताला टूटा और अंदर रखे जेवरात, नकदी, कीमती सामान चोरी हो गया था। यही नहीं, चोर घर में लगे सीसी कैमरे के स्विच को भी निकाल दिए थे, ताकि वारदात रिकॉर्ड न हो सके।