गोरखपुर।
शाहपुर इलाके में फिर महिला के गले से मंगलसूत्र लूटकर बदमाश फरार हो गए। बाजार से लौट रही व्यापारी ईंश्वरचंद जायसवाल की पत्नी पूनम का मंगलसूत्र लूटकर बदमाशों ने पुलिस को चुनौती दे दी। पिछले कुछ दिनों में इलाके में चेन लूट की कई घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन एक भी खुलासा नहीं हो सका है।
खजांची चौराहे के पास रहने वाले लोहा व्यापारी ईश्वरचंद जायसवाल की पत्नी पूनम जायसवाल गोलघर से बाजार कर शनिवार को लौट रही थीं। घर से करीब पहुंचीं ही थीं कि एक बाइक से दो बदमाश तेज रफ्तार से आए और झपट्टा मारकर गले से मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। पूनम के मुताबिक मंगलसूत्र की कीमत करीब पौने दो लाख रुपये थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की।
14 अगस्त को राप्तीनगर फेज-वन में विश्वविद्यालय के प्रो. आनंद सिंह की पत्नी जया सिंह की चेन बदमाश लूटकर फरार हो गए थे। तब भी पुलिस जांच को पहुंची थी, मगर बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर है।